" मेरा पूरा प्रयास एक नयी शुरुआत करने का है। इस से विश्व- भर में मेरी आलोचना निश्चित है. लेकिन इससे कोई फर्क नहीं पड़ता "

"ओशो ने अपने देश व पूरे विश्व को वह अंतर्दॄष्टि दी है जिस पर सबको गर्व होना चाहिए।"....... भारत के भूतपूर्व प्रधानमंत्री, श्री चंद्रशेखर

"ओशो जैसे जागृत पुरुष समय से पहले आ जाते हैं। यह शुभ है कि युवा वर्ग में उनका साहित्य अधिक लोकप्रिय हो रहा है।" ...... के.आर. नारायणन, भारत के भूतपूर्व राष्ट्रपति,

"ओशो एक जागृत पुरुष हैं जो विकासशील चेतना के मुश्किल दौर में उबरने के लिये मानवता कि हर संभव सहायता कर रहे हैं।"...... दलाई लामा

"वे इस सदी के अत्यंत अनूठे और प्रबुद्ध आध्यात्मिकतावादी पुरुष हैं। उनकी व्याख्याएं बौद्ध-धर्म के सत्य का सार-सूत्र हैं।" ....... काज़ूयोशी कीनो, जापान में बौद्ध धर्म के आचार्य

"आज से कुछ ही वर्षों के भीतर ओशो का संदेश विश्वभर में सुनाई देगा। वे भारत में जन्में सर्वाधिक मौलिक विचारक हैं" ..... खुशवंत सिंह, लेखक और इतिहासकार

एक हजार साल गुलाम रहे थे, और यहां ऐसे चमत्‍कारी पड़े है कि जिसका कोई हिसाब नहीं, गुलामी की जंजीरें नहीं कटतीं। ऐसा लगता है कि अंग्रेजो के सामने चमत्‍कार नहीं चलता। चमत्‍कार होने के लिए हिंदुस्‍तानी होना जरूरी है। क्‍योंकि अगर खोपड़ी में थोड़ी भी विचार चलता हो, तो चमत्‍कार के कटने का डर रहता है। तो जहां विचार है, बिलकुल न चला पाओगे चमत्‍कार को। सब से बड़ा चमत्‍कार यह है कि लोग चमत्‍कार कर रहे है। सबसे बड़ा चमत्‍कार यह है कि हम खुद भी होते हुए चमत्‍कार देख रहे हे। और घरों में बैठकर चर्चा कर रहे है। कि चमत्‍कार हो रहा है। और कोई इन चमत्‍कारियों की जाकर गर्दन नहीं पकड़ लेता कि जो खो गयी है घड़ी उसको बाहर निकलवा ले, कि क्‍या मामला है। क्‍या कर रहे हो? वह नहीं होता है।
हम हाथ पैर जोड़कर खड़े है..... उसका कारण है, हमारे भीतर कमजोरीया है। जब राख की पुड़िया निकलती है तो हम सोचते है कि भई, शायद और भी कुछ निकल आयें, पीछे, राख की पुड़िया से कुछ होनेवाला नहीं है न, आगे कुछ और संभावना बनती है। आशा बंधती है। और कोई बीमार है, किसी को नौकरी नहीं मिली है, किसी की पत्‍नी मर गई है, किसी का किसी से प्रेम है, किसी का मुकदमा चल रहा है, सबकी तकलीफें है। तो लगता है जो आदमी ऐसा कर रहा है, अपनी तकलीफ भी कुछ कम कर रहा है। दौड़ो इसके पीछे।
बीमारी, गरीबी, परेशानी, उलझनें कारण हैं कि हम चमत्‍कारियों के पीछे भाग रहे है। कोई धार्मिक जिज्ञासा कारण है, धार्मिक जिज्ञासा से इसका कोई संबंध नहीं है। धार्मिक जिज्ञासा से इसका क्‍या वास्‍ता। धार्मिक जिज्ञासा का क्‍या हल होगा, इन सारी बातों से, लेकिन लोग करते चले जाएंगे, क्‍योंकि हम गहरे अज्ञान में है, गहरे विश्‍वास में है। लोग कहते चले जाएंगे और शोषण होता चला जायेगा। पुराने चित ने चमत्‍कारी पैदा किया था। लेकिन जिन-जिन कौमों ने चमत्‍कारी पैदा किये उन-उन कौमों ने विज्ञान पैदा नहीं किया।
ध्‍यान रहे, चमत्‍कारी चित वहीं पैदा हो सकता है जहां एंटी सांइटिफिक माइंड हो, जहां विज्ञान विरोधी चित हो। जहां विज्ञान आयेगा वहां चमत्‍कारी मरेगा। क्‍योंकि विज्ञान कहेगा, चमत्‍कार को कि हम काज़ और इफेक्‍ट में मानते है। हम मानते है, कार्य और कारण में। विज्ञान किसी चमत्‍कार को नहीं मानता है। उसने हजारों चमत्‍कार किये है। जिनमें से एक भी कोई संत कर देता तो हम हजारों-लाखों साल तक उसकी पूजा करते। अब यह पंखा चल रहा है, यह माइक आवाज कर रहा है। यह चमत्‍कार नहीं होगा। क्‍योंकि यह विज्ञान ने किया है। और विज्ञान किसी चीज को छिपाता नहीं है। सारे कार्य-कारण प्रगट कर देता है। आदमी का ह्रदय बदला जा रहा है। दूसरे का ह्रदय उसके काम कर रहा है। आदमी के सारे शरीर के पार्ट बदले जा रहे है।
आज नहीं कल, हम आदमी की स्‍मृति भी बदल सकेंगे। उसकी भी संभावना बढ़ती जा रही है। कोई जरूरी नहीं है कि एक आइंस्‍टीन माइ्ंड वह मर ही जाये। आइंस्‍टीन मरे—मरे, उसकी स्‍मृति को बचाकर हम एक नये बच्‍चे में ट्रांस्‍पलांट कर सकते है। इतने बड़े चमत्‍कार घटित हो रहे है। लेकिन कोई नासमझ न कहेगा कि ये चमत्‍कार है। कहेगा, ऐसा चमत्‍कार क्‍या है। और कोई आदमी की फोटो में से राख झाड़ देता है, हम हाथ जोड़कर खडे हो जाते है चमत्‍कार हो रहा है, बड़ा आश्‍चर्य है। अवैज्ञानिक विज्ञान विरोधी चित है। विज्ञान ने इतने चमत्‍कार घटित किये है कि हमें पता ही नहीं चलता, क्‍योंकि विज्ञान चमत्‍कार का दावा नहीं करता। विज्ञान खुला सत्‍य है, ओपन सीक्रेट है।
और यह जो बेईमानों की दुनिया है यहां..... इसलिए अगर किसी आदमी को कोई तरकीब पता चल जाती है। तो उसको खोलकर नहीं रख सकता। क्‍योंकि खोले तो चमत्‍कार गया। इसलिए ऐसे मुल्‍क का ज्ञान रोज बढ़ जाता है। अगर मुझे कोई चीज पता चल जाये और चमत्‍कार करना हो तो पहली जरूरत हो यह है कि उसके पीछे जो राज है, उसको मैं प्रगट न करूं। आयुर्वेद ने बहुत विकास किया, लेकिन आयुर्वेद का जो वैद्य था, वह वह चमत्‍कार कर रहा था। इसलिए आयुर्वेद पिछड़ गया। नहीं तो आयुर्वेद की आज की स्‍थिति एलोपैथी से कहीं बहुत आगे होती। क्‍योंकि ऐलापैथी की खोज बहुत नयी हे। आयुर्वेद की खोज बहुत पुरानी है। इसलिए एक वैद्य को जो पता है, वह अपने बेटे को भी न बातयेगा, नहीं तो चमत्‍कार गड़बड़ हो जायेगा। मजा लेना चाहता है।
मजा लेना चाहता है—टीका, छाप लगाकर और साफ़ा वगैरह बांधकर बैठा रहेगा और मर जायेगा। वह जो जान लिया था। वह छिपा जायेगा। क्‍योंकि वह अगर पूरी कड़ी बता दे, तो फिर चमत्‍कार नहीं होगा। लेकिन तब साइंस बंद करनी पड़ी। हिंदुस्‍तान में कोई साइंस नही बनती। जिस आदमी को जो पता है, वह उसको छिपाकर रखता है। वह कभी उसका पता किसी को चलने नहीं देगा। क्‍योंकि पता चला कि चमत्‍कार खत्‍म हो गया। इस वजह से हमारे मुल्‍क में ज्ञान की बहुत दफे किरणें प्रगट हुई। लेकिन ज्ञान का सूरज कभी न बन पाया। क्‍योंकि एक-एक किरण मर गयी। और उसे कभी हम बपौती न बना पाये कि उसे हम आगे दे सकें। उसको देने में डर है, क्‍योंकि दिया तो कम से कम उसे तो पता ही चल जायेगा कि अरे....।
एक महिला मेरे पास प्रोफसर थी— वह संस्‍कृत की प्रोफेसर थी। वह इसी तरह एक मदारी के चक्‍कर में आ गयी। जिनकी फोटो से राख गिरती है। और ताबीज निकलते है। उसने मुझ से आकर आशीर्वाद मांगा कि मैं अब जा रही हूं। सब छोड़कर। मुझे तो भगवान मिल गये है। अब कहां यहां पड़ी रहूंगी। आप मुझे आशीर्वाद दें। मैंने कहा, यह आशीर्वाद मांगना ऐसा है, जैसे कोई आये कि अब मैं जा रहा हूं कुएं में गिरने को और उसको मैं आशीर्वाद दूं। मैं न दूंगा। तुम कुएं में गिरो मजे से, लेकिन इसमें ध्‍यान रखना कि मैंने आशीर्वाद नही दिया। क्‍योंकि मैं इस पाप में क्‍यों भागीदार होऊं। मरो तुम, फंसू मैं। यह मैं न करूंगा। तुम जाओ मजे से गिरो। लेकिन जिस दिन तुम्‍हें पता चल जाये कि कुएं में गिर गई हो और अगर बच सकी हो, तो मुझे खबर जरूर कर देना।
पाँच-सात साल बीत गए, मुझे याद भी नहीं रहा, उस महिला का क्‍या हुआ। क्‍या नहीं हुआ। पिछले वक्‍त बंबई में बोल रहा था सभा में, तो वह उठकर आयी और उसने मुझे आकर कहा, आपने जो कहा, वह घटना हो गयी है। तो मैं कब आकर पूरी बात बजा जाऊं। लेकिन कृपा करके किसी और को मत बताना। मैंने कहां, क्‍यों? उसने कहा वह भी मैं कल बजाऊंगी। वह कल आयी उसने कहा, अब बड़ी मुश्‍किल हो गयी। जिन ताबीजों को आकाश से निकालते देखकर मैं प्रभावित हुई थी। अब मैं उन्‍हीं संत की प्राइवेट सेकेट्री हो गई हूं। अब मैं उन्‍हीं के ताबीज बाजार से खरीद कर लाती हूं। बिस्‍तर के नीचे छिपा आती हूं। प्रगट होने का सब राज पता हो गया है। अब मैं भी प्रगट कर सकती हूं। लेकिन बड़ी मुशिकल में पड़ गयी हूं। उसी चमत्‍कार से तो हम आये भी। अब वह चमत्‍कार सब खत्‍म हो गया है। अब मैं क्‍या करूं? अब मैं छोड़कर आ जाऊं, तो उसमें तो और भी मुश्‍किल है।
कालेज में नौकरी करती थी, मुझे सात सौ रूपये मिलते थे। अब मुझे कोई दो-ढाई हजार रूपये को फायदा, महीने का होगा। और इतने रूपये आते है मेरे पास कि जितने उसमें से उड़ा दूं, वह अलग है। उसका कोई हिसाब नहीं है। इसलिए मैं आ तो नहीं सकती। इसलिए में आपको कहती हूं कृपा करके किसी और को मत कह देना। अब मेरी काम अच्‍छा चल रहा है। नौकरी है, लेकिन अब तो चमत्‍कार वह अध्‍यात्‍म का कोई लेना देना नहीं है।
तो इसलिए पता न चल जाये—वह सारा त्‍याग चल रहा है। ज्ञान पता है— पगट होने को उत्‍सुक होता है। बेइ्रमानी सदा अप्रकट रहना चाहती है। ज्ञान सदा खुलता है, बेईमानी सदा छिपाती है। नहीं, कोई मिरेकल जैसी चीज दुनिया में नहीं होती, न हो सकती है। और अगर होती होगी, तो पीछे जरूर कारण होगा। यह हो सकता है। और अगर होती होगी। तो पीछे जरूर करण होगा। यह हो सकता है। आज कारण न खोजा जा सके, कल खोज लिया जायेगा, परसों खोज लिया जायेगा।

और आगे पढ़े ...


चमत्‍कार शब्‍द का हम प्रयोग करते है, तो साधु-संतों का खयाल आता है। एक जो ठीक ढंग से मदारी हैं, ‘आनेस्‍ट‘ वे सड़क के चौराहों पर चमत्‍कार दिखाते है। दूसरे: ऐसे मदारी है, डिस्‍आनेस्‍ट, बेईमान, वे साधु-संतों के वेश में, वे ही चमत्‍कार दिखलाते है। जो चौरस्‍तों पर दिखाई जाते है। बेईमान मदारी सिनर है, अपराधी है, क्‍योंकि मदारीपन के अधार पर वह कुछ और मांग कर रहा है।

अभी मैं कुछ वर्ष पहले एक गांव में था। एक बूढ़ा आदमी आया। मित्र लेकर आये थे और कहा कि आपको कुछ काम दिखलाना चाहते है। मैंने कहा, दिखायें। उस बढ़े ने अद्भुत काम दिखलाये। रूपये को मेरे सामने फेंका वह दो फिट ऊपर जाकर हवा में विलीन हो गया। मैंने उस बूढे आदमी से कहा, बड़ा चमत्‍कार करते है आप। उसने कहा, नहीं यह कोई चमत्‍कार नहीं है। सिर्फ हाथ की तरकीब है। मैंने कहा, तुम पागल हो। सत्‍य साई बाबा हो सकते थे। क्‍या कर रहे हो। क्‍यों इतनी सच्‍ची बात बोलते हो? इतनी ईमानदारी उचित नहीं है। लाखों लोग तुम्‍हारे दर्शन करते। तुम्‍हें मुझे दिखाने ने आना होता, मैं ही तुम्‍हारे दर्शन करता।
वह बह बूढ़ा आदमी हंसने लगा। कहने लगा, चमत्‍कार कुछ भी नहीं है। सिर्फ हाथ की तरकीब है। उसने सामने ही — कोई मुझे मिठाई भेंट कर गया था— एक लडडू उठाकर मुंह में डाला, चबाया, पानी पी लिया। फिर उसने कहा कि नहीं, पसंद नहीं आया। फिर उसे पेट जो से खींचा पकड़कर लडडू को वापिस निकालकर सामने रख दिया। मैंने कहा, अब तो पक्‍का ही चमत्‍कार है। उसने कहा कि नहीं। अब दुबारा आप कहिये, तो मैं न दिखा सकूंगा, क्‍योंकि लडडू छिपाकर आया अरे वह लडडू पहले मैंने ही भेट भिजवाये था। इसके पहले जो दे गया है, अपना ही आदमी है।
मगर वह ईमानदार आदमी है। एक अच्‍छा आदमी है। यह मदारी समझा जायेगा। इसे कोई संत समझता तो कोई बुरा न था, कम से कम सच्‍चा तो था। लेकिन मदारियों के दिमाग है, और वह कर रहे है यही काम। कोई राख की पुड़िया निकाल रहा है। कोई ताबीज निकाल रहा है। कोई स्‍विस मेड घड़ियाँ निकाल रहा है। और छोटे—साधारण नहीं—जिनको हम साधारण नहीं कहते है, गवर्नर, वाइस चाइन्‍सलर है, हाईकोर्ट के जजेस है, वह भी मदारियों के आगे हाथ जोड़े खड़े है। हमारे गर्वनर भी ग्रामीण से ऊपर नहीं उठ सके है। उनकी बुद्धि भी साधारण ग्रामीण आदमी से ज्‍यादा नहीं। फर्क इतना है कि ग्रामीण आदमी के पास सर्टिफिकेट नहीं है। उसके पास सर्टिफिकेट है।
चमत्‍कार—इस जगत में चमत्‍कार जैसी चीज सब में होती नहीं, हो नहीं सकती। इस जगत में जो कुछ होता है, नियम से होता है। हां, यह हो सकता है, नियम का हमें पता न हो। यह हो सकता है कि कार्य, कारण को हमें बोध न हो। यह हो सकता है कि कोई लिंक, कोई लिंक, कोई अज्ञात हो, जो हमारी पकड़ में नहीं आती, इसलिए बाद की कड़ियों को समझना बहुत मुश्‍किल हो जाता है।
बाकू में—उन्‍नीस सौ सत्रह के पहले, जब रूस में क्रांति हुई थी—उन्‍नीस सौ सत्रह के पहले, बाकू में एक मंदिर था। उस मंदिर के पास प्रति वर्ष एक मेला लगता था। वह दुनिया का सबसे बड़ा मेला था। कोई दो करोड़ आदमी वहां इकट्ठा होते थे। और बहुत चमत्‍कार की जगह थी वह, अपने आप अग्‍नि उत्‍पन्‍न होती थी। वेदी पर अग्‍नि की लपटें प्रगट हो जाती थीं। लाखों लोग खड़े होकर देखते थे। कोई धोखा न था। कोई जीवन न था, कोई आग जलाता न था। कोई वेदी पास आता न था। वेदी पर अपने आप अग्‍नि प्रगट होती थी। चमत्‍कार भारी था। सैकड़ों वर्षो से पूजा होती थी। भगवान प्रगट होते, अग्‍नि के रूप में अपने आप।
फिर उन्‍नीस सौ सत्रह में रक्‍त क्रांति हो गयी। जो लोग आये, वह विश्‍वासी न थे, उन्‍होंने मड़िया उखाड़कर फेंक दी और गड्ढे खोदे। पता चला, वहां तेल के गहरे कुंए है—मिट्टी के तेल, मगर फिर भी यह बात तो साफ हो गयी कि मिट्टी के तेल के घर्षण से भी आग पैदा होती है। लेकिन खास दिन ही होती थी। जब तो खोज-बीन करन पड़ी तो पता चला कि जब पृथ्‍वी एक विशेष कोण पर होती है। अपने झुकाव के, तभी नीचे के तेल में घर्षण हो जाती है। इसलिए निश्‍चित दिन पर प्रतिवर्ष वह आग पैदा हो जाती थी। जब यह बात साफ़ हो गयी। तब वहां मेला लगना बंद हो गया। अब भी वहां आग पैदा होती है। लेकिन अब कोई इकट्टा नहीं होता है। क्‍योंकि कार्य कारण पता चल गया है। बात साफ़ हो गयी है। अग्‍नि देवता अब भी प्रकट होते है, लेकिन वह केरोसिन देवता होते है। अब वह अग्‍नि देवता नहीं रह गये। चमत्‍कार जैसी कोई चीज नहीं होती। चमत्‍कार का मतलब सिर्फ इतना ही होती है कि कुछ है जो अज्ञात है, कुछ है जो छिपा है, कोई कड़ी साफ़ नहीं है वह हो रहा है।
एक पत्‍थर होता है अफ्रीका में, जो पानी को भाप को पी जाता है, पारस होता है। थोड़े से उसमें छेद होते है। वह भाप को पी लेते है। तो वर्षा में वह भाप को पी जाता है, लेकिन वह स्‍पंजी है। उसकी मूर्ति बन जाती है। वह मूर्ति जब गर्मी पड़ती है, जैसे सूरज से अभी पड़ रही है, उसमें से पसीना आने लगता है। उस तरह के पत्‍थर और भी दुनियां में पाये जाते है। पंजाब में एक मूर्ति है, वह उसी पत्‍थर की बनी हुई है। जब गर्मी होती है। तो भक्‍त गण पंखा झलते है, उस मूर्ति को की भगवान को पसीना आ रहा है। और बड़ी भीड़ इकट्ठी होती है। क्‍योंकि बड़ा चमत्‍कार है—पत्‍थर की मूर्ति को पसीना आये।
तो जब मैं उस गांव में ठहरा था तो एक सज्‍जन ने मुझे आकर कहा कि आप मजाक उड़ाते है। आप सामने देख लीजिए चलकर भगवान को पसीना आता है। और आप मजाक उड़ाते है। आप कहते है, भगवान को सुबह-सुबह दातुन न क्‍यों रखते हो, पागल हो गये हो, पत्‍थर को दातुन रखते हो। कहते हो, भगवान सोयेंगे, अब भोजन करेंगे। जब उनको पसीना आ रहा है। तो बाकी सब चीजें भी ठीक हो सकती है। वह ठीक कह रहा है। उसे कुछ पता नहीं है उसमें से पसीना निकलता है। जिस ढंग से आप में पसीना बह रहा है। उसी ढंग से उसमें भी बहने लगता है। आप में भी पसीना कोई चमत्‍कार नहीं है। आपका शरीर पारस है तो वह पानी पी जाता है। और जब गर्मी होती है। तो शरीर की अपनी एअरकंडीसिनिंग की व्‍यवस्‍था है। वह पानी को छोड़ देता है, ताकि भाप बनकर उड़े, और शरीर को ज्‍यादा गर्मी न लगे। वह पत्‍थर भी पानी पी गया है। लेकिन जब तक हमें पता नहीं है। तब तक बड़ा मुश्‍किल होता है। फिर इस संबंध में जिस वजह से उन्‍होंने पूछा होगा, वह मेरे ख्‍याल में है। दो बातें और समझ लेनी चाहिए।
एक तो यह कि चमत्‍कार संत तो कभी नहीं करेगा। नहीं करेगा, क्‍योंकि कोई संत आपके अज्ञान को न बढ़ाना चाहेगा। और कोई संत आपके अज्ञान का शोषण नहीं करना चाहेगा। संत आपके अज्ञान को तोड़ना चाहता है। बढ़ाना नहीं चाहता है। और चमत्‍कार दिखाने से होगा क्‍या? और बड़े मजे की बात है, क्‍योंकि पूछते है कि जो लोग राख से पुड़िया निकालते है, आकाश से ताबीज गिराते है..... काहे को मेहनत कर रहे हैं, राख की पुड़िया से किसका पेट भरेगा। ऐटमिक भट्ठियाँ आकाश से उतारों, कुछ काम होगा। जमीन पर उतारों, गेहूँ उतारों— गेहूँ के लिए अमरीका के हाथ जोड़ों, और असली चमत्‍कार हमारे यहां हो रहे है। तो गेहूँ क्‍यों नहीं उतार लेते हो। राख की पुड़िया से क्‍या होगा, गेहूँ बरसाओ।
जब चमत्‍कार ही कर रहे हो। तो कुछ ऐसा चमत्‍कार करो कि मुल्‍क को कुछ हित हो सके। सबके ज्‍यादा गरीब मुल्‍क, जमीन पर उतारों गेहूँ उतारों घन, सोना, चांदी, होने दो हीरे मोतियों कि बारिश, मिट्टी से बनाओ सोना। चमत्‍कार ही करने है तो कुछ ऐसे करो। स्‍विस मेड घडी चमत्‍कार से निकालते हो। तो क्‍या फायदा होगा। कम से कम मेड इन इंडिया भी निकालों तो क्‍या होने वाला है। मदारी गिरी से होगा क्‍या? कभी हम सोचें कि हम इस पागलपन में किस भ्रांति में भटकते है।
पिछले दो ढाई हजार वर्षो से, इन्‍हीं पागलों के चक्‍कर में लगे हुए है। और हम कैसे लोग है कि हम यह नहीं पूछते कि माना कि आपने राख की पुड़िया निकाल ली, अब क्‍या मतलब है, होना क्‍या है? चमत्‍कार किया, बिलकुल चमत्‍कार किया, लेकिन राख की पुड़िया से होना क्‍या है? कुछ और निकालों, कुछ काम की बात निकाल लो। वह कुछ नहीं, नहीं वह मुल्‍क दीन क्‍यों है, यहां तो एक चमत्‍कारी संत पैदा हो जाये तो सब ठीक हो जाए।

और आगे पढ़े ...


अब तिब्‍बत में एक किताब है: तिब्‍बतन बुक ऑफ दि डैड। तो अब तिब्‍बत का जो भी चोथा शरीर को उपलब्ध आदमी था। उसने सारी मेहनत इस बात पर की कि मरने के बाद हम किसी को क्‍या सहायता दे सकते हे। आप मर गये हे, मैं आपको प्रेम करता हूं, लेकिन मरने के बाद मैं आपको कोई सहायता नहीं पहुंचा सकता हूं। लेकिन तिब्‍बत में पूरी व्‍यवस्‍था है सात सप्‍ताह की….कि मरने के बाद सात सप्‍ताह तक उस आदमी को कैसे सहायता पहुंचायी जाये; और उसके कैसे गाइड (मार्गदर्शन) किया जाये; और उसको कैसे विशेष जन्‍म के लिए उत्‍प्रेरित किया जाये; और उसे कैसे विशेष गर्भ में प्रवेश में सहयोग किया जाये और किसी विशेष गर्भ में उसे पहुंचाया जाए।

अभी विज्ञान को वक्‍त लगेगा। कि वह इन सब बातों का पता लगाये; लेकिन यह लग जायेगा पता, उसमें अड़चन नहीं है। और फिर इसकी वैलिडिटी(प्रामाणिकता की जांच) के भी सब उन्‍होंने उपाय खोजें थे कि इसकी जांच कैसे हो।


प्रधान लामा के चुनाव की विधि—

तिब्‍बत में लामा जो है, पिछला लामा जो मरता है, वह बताकर जाता है कि अगला मैं किस घर में जन्‍म लुंगा। और तुम मुझे कैसे पहचान सकोगे। उसके सिंबल स (प्रतीक) दे जाता है। फिर उसकी खोज होती है। पूरे मुल्क में कि वह बच्‍चा अब कहां है। वह राज़ सिवाय उस आदमी के कोई बता नहीं सकता,जो बता गया था। तो यह जो लामा है। ऐसे ही खोजा गया। पिछला लामा कहकर गया था। इस बच्‍चे की खोज बहुत दिन करनी पड़ी। लेकिन आखिर वह बच्‍चा मिल गया। क्‍योंकि एक खास सूत्र था। जो कि हर गांव में जाकर चिल्‍लाया जायेगा। और जो बच्‍चा उसका अर्थ बता दे, वह समझ लिया जायेगा। कि वह पुराने लामा की आत्‍मा उसमें प्रवेश कर गयी; क्‍योंकि उसका अर्थ तो और किसी को पता ही नहीं था। वह ता बहुत सीक्रेट (गुप्‍त) मामला है।

तो चौथे शरीर के आदमी की पूरी क्‍यूरियोसिटि (जिज्ञासा) अगल थी। और अनंत है यह जगत। और अनंत है उसके राज, और अनंत है इसके रहस्‍य। अब ये जो लामा है इन्‍होंने पाँच में से चार प्रश्न के उत्‍तर ठीक दीये है। अब चार के उत्‍तर कोई इत्तफाक थोड़ ही हो सकता है। पांचवें का उत्‍तर वे सही न दे सके। पर पाँच उत्‍तर सही देने वाला पूरे तिब्‍बत में कहीं नहीं मिला। अब तो वहां सब चीन, और यूरोप के लोगों ने जा कर खत्‍म कर दिया। वरना तो तिब्‍बत का आदमी तिब्बत से बहार जन्‍म ले ही नहीं सकता था। हम ऐसा नहीं कर सकते। क्‍योंकि चेतना की गति तो प्रकाश की गति से भी तेज है। वह तो पल में कहां से कहा चली जाती है।

अभी जितनी साइंस को हमने जन्‍म दिया है। भविष्‍य में यही साइंस रहेगी, यह मत सोची ये, और नयी हजार साइंस पैदा हो जायेगी। क्‍योंकि और हजार आयाम है जानने के। और जब वह नहीं साइंसेस पैदा होंगी। तब वे कहेगी कि पुराने लोग वैज्ञानिक न रहे, वह यह क्‍यों नहीं बता पाये। नहीं हम कहेंगे; पुराने लोग भी वैज्ञानिक थे। उनकी जिज्ञासा ओर थी। जिज्ञासा का इतना फर्क है कि जिसका कोई हिसाब नहीं।

और आगे पढ़े ...


अकबर ने एक दिन तानसेन को कहा, तुम्‍हारे संगीत को सुनता हूं, तो मन में ऐसा ख्‍याल उठता है कि तुम जैसा गाने वाला शायद ही इस पृथ्‍वी पर कभी हुआ हो और न हो सकेगा। क्‍योंकि इससे ऊंचाई और क्‍या हो सकेगी। इसकी धारणा भी नहीं बनती। तुम शिखर हो। लेकिन कल रात जब तुम्‍हें विदा किया था, और सोने लगा तब अचानक ख्‍याल आया। हो सकता है, तुमने भी किसी से सीखा है, तुम्‍हारा भी कोई गुरू होगा। तो मैं आज तुमसे पूछता हूं। कि तुम्‍हारा कोई गुरू है? तुमने किसी से सीखा है?
तो तानसेन ने कहा, मैं कुछ भी नहीं हूं गुरु के सामने, जिससे सीखा है। उसके चरणों की धूल भी नहीं हूं। इसलिए वह ख्‍याल मन से छोड़ दो। शिखर? भूमि पर भी नहीं हूं। लेकिन आपने मुझ ही जाना है। इसलिए आपको शिखर मालूम पड़ता हूं। ऊँट जब पहाड़ के करीब आता है, तब उसे पता चलता है, अन्यथा वह पहाड़ होता ही है। पर तानसेन, ने कहां कि मैं गुरु के चरणों में बैठा हूं; मैं कुछ भी नहीं हूं। कभी उनके चरणों में बैठने की योग्‍यता भी हो जाए, तो समझूंगा बहुत कुछ पा लिया।
तो अकबर ने कहा, तुम्‍हारे गुरु जीवित हों तो तत्‍क्षण, अभी और आज उन्‍हें ले आओ। मैं सुनना चाहूंगा।
पर तानसेन ने कहा: यही तो कठिनाई है। जीवित वे है, लेकिन उन्‍हें लाया नहीं जा सकता हे।
अकबर ने कहा, जो भी भेट करना हो, तैयारी है। जो भी। जो भी इच्‍छा हो, देंगे। तुम जो कहो, वहीं देंगे। तानसेन ने कहा, वही कठिनाई है, क्‍योंकि उन्‍हें कुछ लेने को राज़ी नहीं किया जा सकता। क्‍योंकि वह कुछ लेने का प्रश्‍न ही नहीं है।
अकबर ने कहा, कुछ लेने का प्रश्‍न नहीं है तो क्‍या उपाय किया जाए? तानसेन ने कहा, कोई उपाय नहीं, आपको ही चलना पड़े। तो उन्‍होंने कहा,मैं अभी चलने को तैयार हूं।
तानसेन ने कहा, अभी चलने से तो कोई सार नहीं है। क्‍योंकि कहने से वह गायें गे नहीं। ऐसा नहीं है वे गाते बजाते नहीं है। तब कोई सन ले बात और है। तो मैं पता लगाता हूं, कि वह कब गाते-बजाते है। तब हम चलेंगे।
पता चला—हरिदास फकीर उसके गुरू थे। यमुना के किनारे रहते थे। पता चला रात तीन बजे उठकर वह गाते है। नाचते हे। तो शायद ही दुनिया के किसी अकबर की हैसियत के सम्राट ने तीन बजे रात चोरी से किसी संगीतज्ञ को सुना हो। अकबर और तानसेन चोरी से झोपड़ी के बाहर ठंडी रात में छिपकर बैठ गये। पूरी रात इंतजार करेने के बाद सुबह जब बाबा हरिदास ने भक्ति भाव में गीत गया और मस्‍त हो कर डोलने लगे। तब अकबर की आंखों से झर-झर आंसू गिर रहे थे। वह केवल मंत्र मुग्ध हो कर सुनते रहे एक शब्‍द भी नहीं बोले।
संगीत बंद हुआ। वापस घर जाने लगे। सुबह की लाली आसमान पर फैल रही थी। अकबर शांत मौन चलते रहे। रास्‍ते भर तानसेन से भी नहीं बोले। महल के द्वार पर जाकर तानसेन से केवल इतना कहां- अब तक सोचता था कि तुम जैसा कोई भी नहीं गा बजा सकता है। यह मेरा भ्रम आज टुट गया। अब सोचता हूं कि तुम हो कहां। लेकिन क्‍या बात है? तुम अपने गुरु जैसा क्‍यों नहीं गा सकते हो?
तानसेन न कहा, बात तो बहुत साफ है। मैं कुछ पाने की लिए बजाता हूं और मेरे गुरु ने कुछ पा लिया है। इसलिए बजाते गाते है। मेरे बजाने के आगे कुछ लक्ष्‍य है। जो मुझे मिल उसमें मेरे प्राण है। इसलिए बजाने में मेरे प्राण पूरे कभी नहीं हो पाते। बजाते-गाते समय में सदा अधूरा रहता हूं। अंश हूं। अगर बिना गाए-बजाएं भी मुझे वह मिल जाए जो गाने से मिलता है। तो गाने-बजाने को फेंककर उसे पा लुंगा। गाने मेरे लिए साधन है। साध्‍य नहीं। साध्‍य कहीं और है—भविष्‍य में, धन में, यश में, प्रतिष्‍ठा में—साध्‍य कहीं और है। संगीत सिर्फ साधन है। साधन कभी आत्‍मा नहीं बन सकता; साध्‍य में ही आत्‍मा का वास होता है। अगर साध्य बिना साधन के मिल जाए, तो साध को छोड़ दूँ अभी। लेकिन नहीं मिलता साधन के बिना, इसलिए साधन को खींचता हूं। लेकिन दृष्‍टि और प्राण और आकांशा ओर सब घूमता है साध्य के निकट। लेकिन जिनको आप सुनकर आ रहे है। संगीत उनके लिए कुछ पाने का साधन नहीं है। आगे कुछ भी है जिसे पाने को वह गा-बजा रहे हे। बल्‍कि पीछे कुछ है। वह बह रहा है। जिससे उनका संगीत फूट रहा है। और बज रहा है। कुछ पा लिया है, कुछ भर गया है। वह बह रहा है। कोई अनुभूति, कोई सत्‍य, कोई परमात्‍मा प्राणों में भर गया है। अब वह बह रहा है। पैमाना छलक रहा है आनंद का। उत्‍सव का।
अकबर बार-बार पूछने लगा, किस लिए? किस लिए?
स्‍वभावत: हम भी पूछते है। किस लिए? पर तानसेन ने कहा, नदिया किस लिए बह रही है? फूल किस लिए खिल रहे है? चाँद-सूरज किस लिए चमक रहे है? जीवन किस लिए बह रहा है?
किस लिए मनुष्‍य की बुद्धि ने पैदा किया है । सारा जगत ओवर फ्लोइंग है, आदमी को छोड़कर। सारा जगत आगे के लिए नहीं जी रहा है। सारा जगत भीतर से जी रहा है। फूल खिल रहे। खिलनें का आनंद है। सूर्य निकलता है। निकलने में आनंद है। पक्षी गीत गा रहे है। गाने में आनंद है। हवाएँ बह रही है, चाँद-तारे,आकाश गंगाए चमक रही है। चारों तरफ एक उत्सव का माहौल है। पर आदमी इसके बीच कैसा पत्थर और बेजान सा हो गया है। आनंद अभी है, यही है, स्‍वय में विराजने में है अपने होने में है। अभी और यही। ऐसे थे फकीर संत हरी दास।

और आगे पढ़े ...


एक जंगल की राह से एक जौहरी गुजर रहा था। देखा उसने राह में। एक कुम्‍हार अपने गधे के गले में एक बड़ा हीरा बांधकर चला आ रहा है। चकित हुआ। ये देख कर की ये कितना मुर्ख है। क्‍या इसे पता नहीं है की ये लाखों का हीरा है। और गधे के गले में सजाने के लिए बाँध रखा है। पूछा उसने कुम्‍हार से, सुनो ये पत्‍थर जो तुम गधे के गले में बांधे हो इसके कितने पैसे लोगे? कुम्‍हार ने कहां महाराज इस के क्‍या दाम पर चलो आप इस के आठ आने दे दो। हमनें तो ऐसे ही बाँध दिया था। की गधे का गला सुना न लगे। बच्‍चों के लिए आठ आने की मिठाई गधे की और से ल जाएँगे। बच्‍चे भी खुश हो जायेंगे और शायद गधा भी की उसके गले का बोझ कम हो गया है। पर जौहरी तो जौहरी ही था, पक्‍का बनिया, उसे लोभ पकड़ गया। उसने कहा आठ आने तो थोड़े ज्‍यादा है। तू इस के चार आने ले ले।

कुम्‍हार भी थोड़ा झक्‍की था। वह ज़िद्द पकड़ गया कि नहीं देने हो तो आठ आने नहीं देने है तो कम से कम छ: आने तो दे ही दो, नहीं तो हम नहीं बचेंगे। जौहरी ने कहा पत्‍थर ही तो है चार आने कोई कम तो नहीं। और सोचा थोड़ी दुर चलने पर आवाज दे देगा। आगे चला गया। लेकिन आधा फरलांग चलने के बाद भी कुम्हार ने उसे आवज न दी तब उसे लगा बात बिगड़ गई। नाहक छोड़ा छ: आने में ही ले लेता तो ठीक था। जौहरी वापस लौटकर आया। लेकिन तब तक बाजी हाथ से जा चुकी थी। गधा खड़ा आराम कर रहा था। और कुम्हार अपने काम में लगा था। जौहरी ने पूछा क्‍या हुआ। पत्‍थर कहां है। कुम्‍हार ने हंसते हुए कहां महाराज एक रूपया मिला है उस पत्‍थर का। पूरा आठ आने का फायदा हुआ है। आपको छ आने में बेच देता तो कितना घाटा होता। और अपने काम में लग गया।

पर जौहरी के तो माथे पर पसीना आ गया। उसका तो दिल बैठा जा रहा था सोच-सोच कर। हया लाखों का हीरा यूं मेरी नादानी की वजह से हाथ से चला गया। उसने कहा मूर्ख, तू बिलकुल गधे का गधा ही रहा। जानता है उस की कीमत कितनी है वह लाखों का था। और तूने एक रूपये में बेच दिया, मानो बहुत बड़ा खजाना तेरे हाथ लग गया।

उस कुम्‍हार ने कहां, हुजूर में अगर गधा न होता तो क्‍या इतना कीमती पत्‍थर गधे के गले में बाँध कर घूमता। लेकिन आपके लिए क्‍या कहूं? आप तो गधे के भी गधे निकले। आपको तो पता ही था की लाखों का हीरा है। और आप उस के छ: आने देने को तैयार नहीं थे। आप पत्‍थर की कीमत पर भी लेने को तैयार नहीं हुए।

यदि इन्सान को कोई वास्तु आधे दाम में भी मिले तो भी वो उसके लिए मोलभाव जरुर करेगा, क्योकि लालच हर इन्सान के दिल में होता है . कहते है न चोर चोरी से जाये हेरा फेरी से न जाये. जोहरी ने अपने लालच के कारण अच्छा सोदा गवा दिया

धर्म का जिसे पता है; उसका जीवन अगर रूपांतरित न हो तो उस जौहरी की भांति गधा है। जिन्‍हें पता नहीं है, वे क्षमा के योग्‍य है, लेकिन जिन्‍हें पता है। उनको क्‍या कहें?

और आगे पढ़े ...
ओशो के वीडियो और औडियो प्रवचन सुनने के लिए यहाँ क्लिक करे